Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sun, 8 Aug 2021 3:56 pm IST


वंदना कटारिया समेत 22 महिलाओं को मिला तीलू रौतेली पुरस्कार


रविवार को महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा आई0आर0डी0टी0 सभागार सर्वे चौक देहरादून में राज्य स्त्री शक्ति तीलू रौतेली पुरस्कार एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ति पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने विशिष्ट अतिथि एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। आपको बता दें कि उत्तराखंड की वीरांगना तीलू रौतेली का जन्म 8 अगस्त को हुआ था। जिस कारण सामाजिक, साहसिक, शिक्षा, साहित्य, कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में महिलाओं या किशोरियों द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए यह पुरस्कार प्रतिवर्ष विभाग द्वारा प्रदान किया जाता है। इस वर्ष शासनादेश में संशोधन करते हुए कोरोना काल में उत्कृष्ट तथा अभिनव सेवा देने वाली महिलाओं को भी इसमे सम्मिलित किया गया है। साथ ही वर्तमान मुख्यमंत्री द्वारा  इस वर्ष तीलू रौतेली पुरस्कार के अंतर्गत मिलने वाली धनराशि को 21 हज़ार से बढ़ाकर 31 हज़ार कर दिया गया है तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्त्री पुरस्कार राशि को 10 हज़ार से बढ़ाकर 21 हज़ार कर दिया गया है। इस वर्ष तीलू रौतेली पुरस्कार के अंतर्गत ओलंपिक 2020 टोक्यो में महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी वंदना कटारिया सहित 22 महिलाओं तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्त्री पुरस्कार के अंतर्गत 22 कार्यकर्त्रियों  को पुरस्कृत किया गया है।