Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Mon, 11 Jul 2022 12:00 pm IST


यमुनोत्री धाम में फोल्डिंग पुल हटाए जाने से तीर्थपुरोहित नाराज, स्थानीय लोगों में भी रोष


उत्तरकाशी : यमुनोत्री धाम में वर्षों बाद यमुना नदी पर लगाया गया 15 करोड़ की लागत का फोल्डिंग पुल हटा दिया गया है। पुल से श्रद्धालु व तीर्थपुरोहित स्नान व ध्यान के लिए नदी पार करते थे। साथ ही दूसरी ओर बने शौचालय का भी प्रयोग करते थे। पुल के हटाए जाने पर तीर्थपुरोहित व स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई है। हालांकि लोनिवि का कहना है कि बरसात को देखते हुए पुल हटाया गया है। बरसात थमते ही इसे दोबारा लगाया जाएगा।बीते शनिवार को यमुना नदी के अचानक उफान पर आने के बाद रविवार को स्थानीय प्रशासन ने यमुना नदी पर लगाए गए फोल्डिंग पुल को हटा लिया। मानसून की शुरुआत में ही पुल को हटाए जाने से तीर्थपुरोहितों सहित स्थानीय लोगों में गुस्सा है। पुरोहित महासभा के अध्यक्ष पुरुषोत्तम उनियाल, मनमोहन उनियाल, सचिव लखन उनियाल, खिलानंद उनियाल, ममलेश उनियाल आदि ने बताया कि पुल के हटाए जाने से पुरोहित व श्रद्धालु के लिए नदी पार कर स्नान, ध्यान और शौचालय जाने की समस्या खड़ी हो गई है। इधर, लोनिवि के ईई मनोहर सिंह धर्मशक्तु का कहना है कि बरसात को देखते हुए पुल को हटाया गया है, जिसे बरसात के बाद दोबारा लगाया जाएगा।