Read in App


• Sun, 4 Jul 2021 8:27 pm IST


सत्ता की भूखी है भाजपा, युवाओं को कर रही बर्बाद.... चौधरी


हरिद्वार। उत्तराखंड किसान कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता एवं महामंत्री राहुल चैधरी ने कहा है कि सत्ता की भूखी भाजपा भावी पीढ़ी का भविष्य बर्बाद कर रही है। राज्य की समस्त आर्थिक गतिविधियां शून्य हैं और भाजपा मुख्यमंत्री बदलने में मस्त है। सर्वप्रिय विहार स्थित समाजसेवी सोनल प्रिंस एडवोकेट के कार्यालय पर ग्रामीण क्षेत्रों से आए कृषकों को संबोधित करते हुए राहुल चैधरी ने कहा कि कांग्रेस ने जिस देश की 60 साल तक परवरिश की भाजपा ने उसे 7 साल में ही बर्बाद कर दिया। भारत को कृषि प्रधान देश बताते हुए उन्होंने कहा कि कृषि कानून आने से देश की 70 फीसदी जनता बर्बादी के कगार पर है। नोटबंदी और लॉकडाउन से गिरी देश की अर्थव्यवस्था ने देश की 90 फीसदी जनता को बर्बाद कर दिया है। उद्योग एवं व्यापार बंद होने के बाद अब स्कूलों पर ताले लटकने से देश की भावी पीढी का भविष्य बर्बाद हो रहा है।
उत्तराखंड में तीन 3 महीने में मुख्यमंत्री बदलने को राजनीतिक नौटंकी बताते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के किसी नेता मे सत्ता संचालन की सामर्थ नहीं है। जो भी कुर्सी पर बैठता है दोनों हाथों से लूटता है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि राज्य को लुटेरों से मुक्त करने के लिए गांव-गांव एवं घर घर में जाकर कांग्रेस की नीतियों से जनता को अवगत कराएं। जिससे समय रहते देवभूमि उत्तराखंड को लुटेरों से निजात मिल सके। इस अवसर पर समाजसेवी सोनल प्रिंस, विकास राजपूत, नितीश सैनी, सुभाष कश्यप, अमित मलिक, रामपाल सिंह, महकार सिंह, चौधरी रविंदर सिंह धामा तथा गुलशन रोड इत्यादि उपस्थित थे।