Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Thu, 29 Jun 2023 7:20 pm IST

जन-समस्या

एमपी-राजस्थान समेत 23 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, गुजरात में दीवार ढहने से चार बच्चों की मौत


नई दिल्‍ली: भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पूरे देश में मानसून सामान्य से धीमी रफ्तार से चल रहा है। अभी देश में 16 फीसदी कम बारिश हुई है। उत्तर-पश्चिमी राज्यों में सामान्य से 42 फीसदी ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। देश के पूर्वी, मध्य, उत्तर-पश्चिम व पश्चिमी राज्यों में तीन दिन मानसून सक्रिय रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में मध्यप्रदेश, राजस्थान समेत 23 राज्यों में भारी बारिश का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश के शिमला में बाढ़ जैसे हालात हैं। यहां तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट है। उत्तराखंड के चमोली जिले में भारी बारिश की वजह से छिनका के पास लैंडस्लाइड होने से बद्रीनाथ की तरफ जाने वाला हाईवे ब्लॉक हो गया है। यहां टूरिस्ट फंसे हुए हैं।

मुंबई, ठाणे और सतारा में जोरदार बारिश

वहीं, गुजरात के पंचमहल में भारी बारिश से एक फैक्ट्री की दीवार गिर गई। इस हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। असम में बाढ़ के हालात में कुछ सुधार है। स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी के अनुसार, राज्य के छह जिलों में 83 हजार लोग अभी भी बाढ़ की चपेट में हैं। मरने वालों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। महाराष्ट्र के मुंबई, ठाणे और सतारा में बीते 24 घंटे में जोरदार बारिश से रेलवे ट्रैक, बाजारों और सड़कों पर तीन फीट तक पानी भर गया। ठाणे में पेड़ जड़ से उखड़ गए।