Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Wed, 22 Jun 2022 5:45 pm IST


गंगोत्री-यमुनोत्री धाम में धीमी पड़ी यात्रा


उत्तरकाशी : गंगोत्री व यमुनोत्री धाम की यात्रा अब धीमी पड़ने लगी है। गंगोत्री यमुनोत्री में हर दिन यात्रियों की तादाद पिछले महीने की अपेक्षा लगातार घट रही है। वहीं दोनों धाम में अब तक लगभग सवा सात लाख तीर्थयात्री मां गंगा व यमुना के दर्शन कर लौट चुके हैं।3 मई को गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट देश विदेश के श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए थे। यात्रा शुरू होने पर गंगोत्री व यमुनोत्री धाम की यात्रा मई में तेज रफ्तार के साथ आगे बढ़ी। इसके चलते धामों सहित यात्रा पड़ावों पर खासी रौनक रही। अच्छी खासी तादाद में श्रद्धालुओं के धाम दर्शन को पहुंचने से एक महीने के भीतर ही पिछले सारे रिकॉर्ड टूटते दिखे। लेकिन 15 जून के बाद यात्रा धीमी होने लगी है। दोनों धाम में पिछले एक सप्ताह से महज 8 से 9 हजार यात्री पहुंच रहे हैं, जबकि मई में दोनों धाम में यही संख्या दोगुनी थी। मंगलवार को गंगोत्री धाम को 4688 और यमुनोत्री धाम में महज 3874 यात्री ही दर्शन को पहुंचे। इस तरह दोनों धाम में कुल 8562 तीर्थयात्री मां गंगा व यमुना के दर्शन कर लौटे। अब तक गंगोत्री-यमुनोत्री धाम में 7 लाख 18 हजार 53 यात्री दर्शन कर वापस लौट चुके हैं।