Read in App

Rajesh Sharma
• Sun, 10 Oct 2021 7:44 pm IST


गंगा स्वच्छता सभी की जिम्मेदारी ...खड़का


 हरिद्वार। गिरवर नाथ जनकल्याण धर्मार्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष कमल खड़का के नेतृत्व में ट्रस्ट के पदाधिकारियों व सदस्यों ने हाथीवाल पुल, गऊघाट, सुभाष घाट पर सफाई अभियान चलाते हुए गंगा घाटों पर गंगा की सीढ़ियों की साफ सफाई की। इस अवसर पर कमल खड़का ने कहा कि हरिद्वार विश्व प्रसिद्ध आध्यात्मिक नगरी है। देश दुनिया से प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान व अन्य धार्मिक कर्म संपन्न कराने के लिए हरिद्वार आते हैं। ऐसे में आध्यात्मिक नगर की स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। इसको देखते हुए गिरवर नाथ जनकल्याण धर्मार्थ ट्रस्ट के तत्वाधान में गंगा घाटों व घाटों की सीढ़ियों की सफाई के लिए प्रतिदिन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में ट्रस्ट के पदाधिकारी व सभी सदस्य सहयोग कर रहे हैं। दूरदराज से आने वाले यात्रीयों व श्रद्धालुओं को भी गंगा व घाटों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। खड़का ने कहा कि बाहर से आने वाले श्रद्धालु हरिद्वार की एक स्वच्छ व सुन्दर छवि अपने मन में वापस लेकर लौटें। यही ट्रस्ट का प्रयास है।