श्रीनगर। पौड़ी बस अड्डे के समीप ऐतिहासिक वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पार्क को खोलने के बजाय नगर निगम ने पार्क के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया है। जिससे लोग सड़क के किनारे बैठ रहे है। लोगों ने नगर निगम व प्रशासन के इस रवैए पर गहरा आक्रोश भी जताया।श्रीनगर में वीर चंद्र सिंह गढ़वाली स्मारक स्थल व पार्क में पीपल व बट वृक्ष की छांव में लोगों के लिए राहत भरी होती है। यहां पर दिन में दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोग वाहनों का इंतजार करने बैठे रहते हैं। साथ ही आने-जाने वाले बुजुर्ग एवं अन्य लोग भी यहां पर विश्राम करते हैं। इसके अलावा स्थानीय लोग विभिन्न मुद्दों को लेकर यहां पर बैठकें व धरना प्रदर्शन आदि भी किया करते हैं। बताया जा रहा है कि रविवार रात को नगर निगम की ओर से इस पार्क के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया गया।सुबह ताला देखने पर स्थानीय लोगों ने इस पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष प्रभाकर बाबुलकर व भाजपा जिला उपाध्यक्ष लखपत सिंह भंडारी ने भी नगर निगम व प्रशासन की इस कार्यशैली को जनविरोधी बताया।