Read in App


• Thu, 17 Jun 2021 1:08 pm IST


केंद्र ने राज्य को सौंपा रेंजर्स मैदान का कब्जा


देहरादून। दून का एतिहासिक और प्रतिष्ठित रेंजर मैदान अब दून का अपना मैदान हो गया है। केंद्र की ओर से इस मैदान का स्वामित्व उत्तराखंड सरकार को दे दिया गया है। इससे दून के खिलाड़ी और खेल प्रेमियों को खासा लाभ मिलने की उम्मीद है। शहर के बीचोंबीच स्थित इस मैदान में अब खेल आयोजन करना पहले से आसान होगा। हालांकि, राज्य सरकार के संचालन में इसके रख-रखाव को लेकर शंका भी उत्पन्न होने लगी है।उत्तर भारत के प्रतिष्ठित गोल्ड कप क्रिकेट टूर्नामेंट का घर माने जाने वाले रेंजर्स मैदान का स्वॢणम इतिहास रहा है। इस मैदान पर महेंद्र सिंह धोनी, वीरेंद्र सहवाग जैसे दिग्गजों ने अपने शुरुआती दिनों में हुनर से रूबरू कराया था। क्रिकेट के बड़े आयोजनों के लिए शहर में उपलब्ध यह एकमात्र मैदान है। गोल्ड कप का आयोजन लगभग 35 से अधिक वर्षों से इस मैदान पर किया जा रहा है। हालांकि, यहां कई स्थानीय स्तर के टूर्नामेंट भी होते रहे हैं, लेकिन मैदान में आयोजन की अनुमति मिल पाना काफी मुश्किल रहा है। कई माह पूर्व से मैदान उपलब्ध कराने के लिए एफआरआइ के क्षेत्रीय कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते थे। अब राज्य सरकार को इसका अधिग्रहण मिलने के बाद उम्मीद है यहां खेलों के आयोजन को आसानी से अनुमति मिल सकेगी।