निजी नाप भूमि पर रिजाॅर्ट निर्माण के लिए संरक्षित प्रजाति के पेड़ों के अवैध कटान का मामला सामने आया है। मामले में वन विभाग ने पीयूष अग्रवाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है, वह कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के बेटे हैं।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार नीलकंठ मार्ग पर खैरखाल में 26 पेड़ काटे गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि 24 पेड़ छूट प्रजाति के हैं, जबकि दो पेड़ संरक्षित प्रजाति के हैं। जांच में दो खैर के पेड़ काटे जाने पर लालढांग रेंज द्वारा मुकदमा दर्ज किया गया है।
इस भूमि पर बिना अनुमति के सड़क भी काटे जाने का आरोप है। यहां कई दिनों तक बिना अनुमति के जेसीबी मशीन चलती रही। जिस पर राजस्व उपनिरीक्षक ने मौके पर पहुंच कर तीन बार कार्य भी रुकवाया था। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि रसूखदार की भूमि होने के कारण तहसील प्रशासन ने कभी सख्त कदम नहीं उठाया।