Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sat, 14 Sep 2024 5:06 pm IST


गंगोलीहाट के बलीगांव में भूस्खलन, 13 लोगों ने भागकर बचाई जान; तीन परिवारों ने विद्यालय में ली शरण


पिथौरागढ़ : गंगोलीहाट के बलीगांव के पोखरी तोक में पहाड़ी से भूस्खलन हो गया। बीते शुक्रवार रात पहाड़ी दरकने से मलबा, बोल्डर गांव तक पहुंच गए। इससे तीन परिवारों के 13 लोगों की जान आफत में आ गई। सभी ने रात के अंधेरे में भागकर जान बचाई।

प्रभावित राजन राम ने बताया कि हादसे के वक्त सभी लोग घरों के अंदर थे। इसी दौरान पहाड़ी से हुए भूस्खलन से डरावनी आवाजें आने लगीं। दहशत में घरों से बाहर निकल कर देखा तो उनके मकान के पीछे से लगातार मलबा गिर रहा था। तीनों परिवारों के लोग छोटे बच्चों सहित सुरक्षित स्थान की ओर भागे और प्रशासन से मदद की गुहार लगाई। प्रशासन ने तेजी दिखाते हुए उन्हें दो किमी दूर प्राथमिक विद्यालय खतेड़ा में आने को कहा।

राजस्व विभाग के निरीक्षक विजय शाह, चंद्रप्रकाश चन्याल, राजस्व कर्मी लछम सिंह और विद्यालय की प्रधानाध्यापिका पुष्पा पंत खाद्यान्न सामग्री और बिस्तर लेकर विद्यालय में पहुंचे। उन्होंने राजन राम, मदन राम पुत्र दीवानी राम और पुष्कर राम पुत्र हरिराम के परिवार के 13 लोगों को अन्यत्र व्यवस्था नहीं होने तक विद्यालय में रहने को कहा। शनिवार की सुबह राजस्व विभाग की टीम निरीक्षण के लिए गांव को रवाना हुई। 

घरों के आंगन टूटे, प्रशासन से लगाई मदद की गुहार
देवराला-सेरागड़ा निर्माणाधीन सड़क के ऊपर बसे 10 परिवारों के मकानों के आंगन टूट गए हैं। उनके मकानों में दरारें आने लगी हैं। देवराला के जगदीश प्रसाद, राम प्रसाद पुत्र अर्जुन राम, ठाकुर राम पुत्र तिल राम, जीवन चंद्र, महेश लाल पुत्र तुलाराम, बिशन लाल, फकीर राम पुत्र गोपाल राम, उमेश चंद्र, बसंत कुमार पुत्र मोहन राम का कहना है कि उनके गांव के लिए बन रही सड़क पर दीवार नहीं लगने के कारण बारिश के बाद उनके आंगन टूट गए हैं। उन्होंने एसडीएम को पत्र लिखकर मदद की गुहार लगाई है। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता संजय कनवाल का कहना है कि सड़क निर्माणाधीन है। जल्द ही दीवार लगाई जाएगी।