Read in App


• Sat, 11 Nov 2023 11:05 am IST


नरक चतुर्दशी पर शरीर में मले उबटन, सौंदर्य में लगेंगे चार चांद


भले ही बदलते समय के साथ कई चीजें बदलती रही हैं, लेकिन लोग त्योहारों के समय चलने वाली परंपराओं के साथ किसी तरह की खिलवाड़ नहीं करते। इसी क्रम में जिस प्रकार सदियों पहले जिस तरह से दिवाली मनाई जाती थी, ठीक उसी तरह से लोग आज भी दिवाली का त्योहार मनाते हैं। दिवाली के पहले नरक चतुर्दशी का त्योहार मनाया जाता है। इसे कई जगह छोटी दिवाली भी कहा जाता है।नरक चतुर्दशी के दिन शरीर पर उबटन लगाने की परंपरा है। ऐसी मान्यता है कि इस दिन उबटन लगाने के सौंदर्य और सौभाग्य प्राप्त होता है। वैसे तो आजकल बाजार में कई प्रकार के उबटन मिल जाते हैं, जिन्हें लगाना भी बेहद आसान होता है, लेकिन बहुत से लोगों को बाजार में मिलने वाले उबटन को इस्तेमाल करने से डर लगता है। ऐसे में हम आपको घर पर ही कुछ ऐसे उबटन बनाना बताएंगे, जिसके इस्तेमाल से आपका चेहरा खिल उठेगा।
 
पहला उबटन - इस उबटन को बनाने के लिए सबसे पहले दो चम्मच गेंहू के आटे में चुटकीभर हल्दी मिलाएं। दोनों चीजों को सही से मिक्स करने के बाद इस में सरसों का तेल और गुलाब जल मिलाएं। अब इस पेस्ट को अच्छे से चेहरे, गर्दन, कोहनी, बाथ और पैरों में लगाएं। इसे लगाने के कुछ समय बाद गुनगुने पानी से उबटन साफ कर दें।

दूसरा उबटन - इस उबटन को बनाने के लिए दही में चुटकीभर हल्दी मिलाएं। इसे सही से मिक्स करने के बाद इसमें दो से तीन चम्मच नींबू का रस मिलाएं। अब इस उबटन का इस्तेमाल चेहरे पर कर सकते हैं। इस उबटन को सीधा धोना नहीं है। इसे हल्के हाथ से स्क्रब करते हुए साफ करें। 

तीसरा उबटन - इसे बनाने के लिए आपको दही, आटा और गुलाबजल की जरूरत पड़ेगी। इन तीनों चीजों को सही से मिलाकर त्वचा पर लगाएं। इसके बाद हाथों से रगड़ते हुए इसे साफ कर लें। इससे आपकी त्वचा की डेड स्किन निकल जाएगी। 

चौथा उबटन - इसे बनाना बेहद आसान है। इसको बनाने के लिए आपको बस 2 चम्मच तिल को रातभर दूध में भिगोकर रखना है। सुबह उठने के बाद इसका पेस्ट बना लें। सुबह इसमें थोड़ी सी हल्दी मिलाने के बाद इसका इस्तेमाल करें।

इस बात का रखें ध्यान- वैसे तो ये उबटन घर पर बनें हैं इसलिए इसमें किसी प्रकार का कोई केमिकल नहीं है लेकिन कई लोगों को बहुत सी चीजों से एलर्जी होती है। ऐसे में पहले उबटन का पैच टेस्ट जरूर कर लें।