Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Tue, 4 Jan 2022 4:35 pm IST


दिन भर बंद रहे सितारगंज के पेट्रोल पंप


गुरुनानक पेट्रोल पंप के कर्मचारियों संग मारपीट के मामले में पुलिस की ओर से आरोपियों के साथ ही कर्मचारियों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज करने से पंप स्वामियों में आक्रोश है। क्षेत्र के करीब 18 पेट्रो पंपों पर सोमवार को दोपहर एक बजे तक हड़ताल रही। उन्होंने जिला और कुमाऊं स्तर पर हड़ताल की भी चेतावनी दी। इधर, दोपहर तक तेल न मिलने पर वाहन चालकों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। सोमवार को पेट्रोल पंप स्वामियों ने व्यापार मंडल समेत विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ गुरुनानक पेट्रोल पंप पर हड़ताल के दौरान बैठक की और घटना पर रोष जताया। पंप स्वामियों ने कहा कि पुलिस ने पीड़ित पंप कर्मचारियों की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा तो दर्ज किया, लेकिन पीड़ित कर्मचारियों पर भी रिपोर्ट दर्ज कर दी। यदि उन पर दर्ज मुकदमा निरस्त नहीं किया गया तो जिला और कुमाऊं स्तर पर पंपों में हड़ताल की जाएगी। व्यापार मंडल अध्यक्ष राजीव गुप्ता ने भी बंद का समर्थन करने का आश्वासन दिया। ऑल इंडिया पेट्रोलियम एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव व उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल अग्रवाल ने कहा कि कहा कि सरकार उनकी सुरक्षा नहीं कर पा रही है, बल्कि उन पर ही मुकदमा दर्ज कर दिया गया।