Read in App


• Sun, 30 May 2021 7:46 pm IST


सेवा का संदेश लेकर गांव-गांव जाएंगे भाजपा कार्यकर्ता ...गौतम


लोगों को राहत किट बांटकर किया गया सेवा अभियान का शुभारंभ
हरिद्वार। मोदी सरकार के सात साल पूरे हो जाने और मौजूदा कार्यकाल के 2 साल पूरे होने पर भाजपा की ओर से देशभर में सेवा पखवाड़ा शुरू किया गया है। हरिद्वार में इस पखवाड़े की शुरूआत भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम तथा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने लोगों को और राहत एवं स्वास्थ्य सुरक्षा किट बांटकर की। सेवा ही संगठन अभियान के तहत मध्य हरिद्वार मंडल में 100 परिवारों को राशन किट का वितरण किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम ने कहा कि कोरोना काल में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता पूरे देश में सेवा कार्य में जुटे हुए हैं। सभी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ नेताओं को दो-दो गांव में जाकर सेवा कार्य का लक्ष्य दिया गया है। युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को पूरे देश में 50 हजार यूनिट से ज्यादा रक्त शिविरों के माध्यम से एकत्र करने का लक्ष्य दिया गया है। जिसे पूरा करने में कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। पार्टी के अन्य नेता भी राशन किट, मास्क, सैनेटाइजर वितरण जैसे सेवा के कार्य में लगे हुए हैं। इस विपदा की घड़ी में पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को सेवा भाव के साथ जनता की संभव मदद करने के निर्देश दिए गए हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि सेवा पार्टी का मूल मंत्र है। जिसके तहत हरिद्वार में कई स्थानों पर सेवा के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास जैसे सूत्र को आत्मसात कर पार्टी कार्यकर्ता लगातार लोगों के बीच जा रहे हैं। महिला मोर्चा कार्यकर्ता भी घर-घर जाकर जरूरतमंदों की मदद कर रही हैं। लेकिन बड़ा दुखद है कि कांग्रेस इस दौर में भी राजनीति कर रही है और इस भीषण महामारी में भी राजनीतिक अवसर तलाश रही है। उन्होंने कहा कि यह समय लोगों की जान बचाने का है। अगर लोगों की जान बचाई जाए यह प्राथमिकता होनी चाहिए। राजनीति तो भविष्य में भी की जा सकती है। कार्यक्रम संयोजक भाजपा के वरिष्ठ नेता सुभाष चंद्र, जिला अध्यक्ष डा.जयपाल सिंह चैहान, पूर्व जिला अध्यक्ष ठाकुर सुशील चैहान, जिला महामंत्री विकास तिवारी, मंडल अध्यक्ष राजकुमार अरोड़ा, मयंक गुप्ता, वीरेंद्र तिवारी, तरुण नय्यर, दिनेश पांडेय, चन्द्रकान्त पांडेय, रवि जैसल, शेखर कुर्ल, पार्षद राजेश शर्मा आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इसके अलावा प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने मध्य हरिद्वार मण्डल अध्यक्ष एडवोकेट राजकुमार के आवास पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं के साथ टीवी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुना। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष श्री मदन कौशिक, जिला महामंत्री विकास तिवारी, संजीव बाली, पार्षद राजेश शर्मा, गुलशन शर्मा, सनी शर्मा, महिला मोर्चा वार्ड अध्यक्ष किरण, वार्ड महामंत्री हीरा लाल आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।