Read in App

Rajesh Sharma
• Fri, 3 Dec 2021 9:59 pm IST


तौल केंद्र पर किसानों का हंगामा, प्रदर्शन





हरिद्वार । तौल केंद्र परिसर से गन्ना न उठने से तौल बंद होने से नाराज गीं शहीद पुर
किसानों ने जमकर हंगामा करते हुए प्रदर्शन किया। हंगामे की सूचना पर मौके पर पहुंचे
एसडीएम ने किसानों से वार्ता की और जल्द ही गन्ना उठवाकर तौल शुरु करने का आश्वासन
दिया। जिसके बाद किसान शांत हुए। भगवानपुर क्षेत्र के ग्राम गीशहीदपुर व ग्राम लव्वा के
किसानों का गन्ना तोल केंद्र ग्राम गीशहीदपुर के बना हुआ है। मिल चलने के बाद लगातार
किसान गन्ना लेकर तौल केंद्र पर पहुंच रहे हैं। तौल केंद्र परिसर से गन्ना नहीं उठने के कारण
जगह नहीं बची है। जिसके चलते तौल बंद कर दी गई है। इससे नाराज किसानों का गुस्सा
शुक्रवार को भड़क गया। किसान अपनी समस्या को लेकर विधायक ममता राकेश के पास पहुंचे।
इस पर विधायक ने अधिकारियों से वार्ता की। वहीं, बड़ी संख्या में किसान एकत्रित होकर
केंद्र पर पहुंचे और हंगामा कर दिया। सूचना पर एसडीएम ब्रिजेश कुमार तिवारी व नायाब
तहसीलदार जसपाल सिंह राणा मौके पर पहुंचे और किसानों से वार्ता की। एसडीएम ने फोन पर
डीसीओ शैलेंद्र सिंह से वार्ता की। शैलेंद्र सिंह ने जल्द ही गन्ना तौल केंद्र से उठवाकर तौल
शुरु करने की बात कही। जिसके बाद किसान शांत हुए और वापस चले गए। इस दौरान राजेश
कुमार, यादराम सैनी, विनोद कुमार, झबल सिंह, दलेल, अरविंद कुमार, संजय सैनी, रूपेश
कुमार, रामपाल सिंह आदि मौजूद रहे।