Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Tue, 27 Jun 2023 10:54 am IST

नेशनल

बारिश-भूस्‍खलन से सात राज्‍यों में 31 लोगों की मौत, उत्तर-पश्चिमी राज्यों में 12 गुना तक ज्यादा बरसात


नई दिल्‍ली: मानसून अब करीब पूरे उत्तर और उत्तर पश्चिम भारत में प्रवेश कर चुका है। उत्तर-पश्चिमी राज्यों में 24 घंटे में सामान्य से 2-12 गुना तक अधिक बरसात हुई है।

सोमवार को मानसून गुजरात और पंजाब में और आगे बढ़ा। मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून देश के पूर्वी, मध्य, उत्तर पश्चिम और पश्चिमी राज्यों में पांच दिन सक्रिय रहेगा। अगले 24 घंटे में 24 राज्यों में भारी बारिश की संभावना है।

सात राज्‍यों में 31 मौतें

पिछले दो दिन में बारिश और भूस्खलन जैसी घटनाओं से सात राज्यों में 31 लोगों की मौत हुई है। इनमें से हिमाचल प्रदेश में नौ, मुंबई में छह, राजस्थान में छह, हरियाणा और पंजाब में दो-दो मौतें हुई हैं। इसके अलावा छत्तीसगढ़ में बिजली गिरने से पांच लोगों की मौत हुई, जबकि दिल्ली में करंट लगने से एक महिला की जान गई है।

वहीं, हिमाचल के मंडी जिले में 48 घंटे में भूस्खलन की दो घटनाएं हुईं। इस वजह से चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे-21 दो जगहों पर घंटों बंद रहा। इस रूट पर लगा जाम 20 घंटे बाद खुला। अब भी यहां 150 सड़कें बंद हैं। मंगलवार के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में 102.5 करोड़ रुपये के नुकसान की आशंका है।