Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Thu, 4 Nov 2021 8:58 am IST


सुख-समृद्धि और वैभव की कामना को होगी लक्ष्मी पूजा


रोशनी और खुशी का पर्व दीपावली आज मनाई जाएगी। लोग घर, मंदिर और प्रतिष्ठानों में लक्ष्मी और गणपति की पूजा कर सुख-समृद्धि, वैभव की कामना करेंगे। पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 4:20 से 12:40 बजे तक रहेगा। इधर, बाजार में बुधवार देर रात तक दुकानों में खरीदारी की भीड़ उमड़ी रही। लोग ने घर की सजावट, पूजा, इलेक्ट्रानिक, खील बतासे, मिठाई, च्वेलरी आदि की दुकानों से खूब खरीदारी की। 


कार्तिक मास की अमावस्या पर दीपावली मनाई जाती है। आचार्य विजेंद्र प्रसाद ममगाईं के मुताबिक, इस बार लक्ष्मी पूजन का शुभ समय शाम 4:20 से रात 12:40 तक रहेगा। दीपावली के दिन महालक्ष्मी की पूजा की जाती है। लक्ष्मी के अलावा इस दिन गणेश और कुबेर भगवान की पूजा भी बेहद शुभ माना जाता है। मान्यता है कि दीपावली के दिन मां लक्ष्मी पृथ्वी पर विचरण करती हैं और भक्तों के घर आती हैं। ऐसे में व्यक्ति को इस दिन अपने घर को साफ-सुथरा रखना चाहिए। साथ ही दीये भी जलाने चाहिए। इस दिन मां लक्ष्मी की पूजा की जाती है।


पूजा विधि

सुबह घर की साफ-सफाई के बाद पूरे घर में वातावरण की शुद्धि और पवित्रता के लिए गंगाजल का छिड़काव करें। घर के द्वार पर रंगोली और दीयों की एक श्रृंखला बनाएं। पूजा स्थल पर एक चौकी रखकर लाल कपड़ा बिछाकर लक्ष्मी और गणेश प्रतिमा स्थापित करें। दीवार पर लक्ष्मी का चित्र बना सकते हैं। लक्ष्मी और गणेश की प्रतिमा पर तिलक लगाने के बाद दीये जलाकर जल, मौली, चावल, फल, गुड़, हल्दी, अबीर-गुलाल आदि अर्पित कर लक्ष्मी की स्तुति करें। इसके साथ ही सरस्वती, काली, भगवान विष्णु और कुबेर देव की भी विधि विधान से पूजा करें। तिजोरी, बहीखाते और व्यापारिक उपकरण की पूजा करें। जरूरतमंदों को मिठाई और दक्षिणा देना शुभ माना जाता है।