Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Wed, 8 Mar 2023 8:00 pm IST

राजनीति

लंदन में राहुल के बयानों से भाजपा नाराज, सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष से पूछा ये सवाल...


भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला बोला है। प्रसाद ने राहुल के लंदन में दिए गए बयानों को लेकर उन्हें घेरा और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्षा सोनिया गांधी से भी सवाल कर डाला।  

दरअसल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लंदन में हाउस ऑफ पार्लियामेंट कॉम्प्लेक्स में ब्रिटिश सांसदों को संबोधित किया। इस दौरान राहुल गांधी ने ब्रिटिश सांसदों से कहा कि, हमारे यहां लोकसभा में अक्सर विपक्षी सदस्यों के माइक को बंद कर दिया जाता है। राहुल ने इसके साथ ही भारत के लोकतंत्र को भी खतरे में करार दिया और कहा कि, भारत में लोकतांत्रिक संस्थाएं अब स्वतंत्र नहीं हैं। 

वहीं राहुल गांधी के इस विवादास्पद बयान को लेकर भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि, "राहुल गांधी जी विदेश जाते ही आपको हो क्या जाता है? सारी मर्यादा, सारी शालीनता, लोकतांत्रिक शर्म... सब भूल जाते हैं। अब जब देश की जनता न उनको सुनती है... न समझती है तो विदेश में जाकर विलाप करते हैं कि, भारत का लोकतंत्र खतरे में हैं।"

उन्होंने कहा, "राहुल गांधी जी ने लंदन में अपने भाषणों में भारत के लोकतंत्र, संसद, राजनीतिक व्यवस्था और भारत की जनता समेत न्याय व्यवस्था और सामरिक सुरक्षा... सभी का अपमान किया है।" "राहुल गांधी ने कहा कि यूरोप और अमेरिका को भारत में लोकतंत्र बचाने के लिए हस्तक्षेप करना चाहिए। सरकार किसी की भी हो हम किसी विदेशी ताकत के भारत में आंतरिक हस्तक्षेप को लेकर विरोधी रहे हैं।"

भाजपा नेता ने कांग्रेस आलाकमान पर सवाल उठाते हुए कहा कि, वे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से जानना चाहती है कि, क्या वे राहुल गांधी के इस बयान का समर्थन करते हैं? अगर नहीं करते तो इससे इंकार करें। भाजपा सोनिया जी से जानना चाहती है कि क्या वे अपने पुत्र के इस गैर जिम्मेदाराना बयान का समर्थन करती हैं?