Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Thu, 26 Jan 2023 10:00 am IST


बस यात्रियाें की बढ़ेंगी मुश्किलें! रोडवेज कर्मियों का 31 जनवरी से चक्काजाम का ऐलान


परिवहन निगम के हरिद्वार डिपो में रोडवेज के चालक-परिचालक और कर्मचारियों की चार यूनियनों ने रोडवेज कर्मचारी संघर्ष संयुक्त मोर्चे का गठन कर बैठक का आयोजन किया। बैठक में संयुक्त मोर्चे ने एक मत होकर 27 जनवरी को देहरादून मंडल में धरने का पूर्ण समर्थन किया है। साथ ही बैठक में मांगें न माने जाने पर 31 जनवरी से पूर्ण चक्का जाम करने का ऐलान किया है।

मंगलवार को उत्तराखंड कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष रामपाल शर्मा ने बताया कि हरिद्वार डिपो में संयुक्त मोर्चे की बैठक प्रांतीय संयुक्त मोर्चे के आह्वान पर आयोजित की गई। विभिन्न मांगों को लेकर प्रांतीय संयुक्त मोर्चे के बैनर तले देहरादून मंडल में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। मांग है कि अनुबंधित विशेष श्रेणी के चालक परिचालक को रेगुलर किया जाए।

17 वर्षों से अपनी सेवाएं देने के बाद भी चालक-परिचालक रेगुलर नहीं हुए हैं। परिवहन निगम नई 600 बसों को अनुबंध पर लगा रहा है। इन 600 बसों में चालक, परिचालक की व्यवस्था बस मालिक अपने स्तर से करें। परिवहन निगम सिर्फ 30 प्रतिशत बसें अनुबंध पर लगा सकता है। इसके विपरीत 70 प्रतिशत बस अनुबंध पर लगाई जा रही है।