Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sun, 20 Mar 2022 5:30 pm IST

राजनीति

विधायक उमेश कुमार के निर्वाचन को हाईकोर्ट में चुनौती


नैनीताल: खानपुर से निर्दलीय विधायक उमेश शर्मा उर्फ उमेश कुमार के निर्वाचन को हाईकोर्ट नैनीताल में चुनौती दी गयी है। विधानसभा चुनाव 2022 में उमेश पर शपथपत्र में कई तथ्य छुपाने का आरोप लगाते हुये उन्हें शपथ लेने से रोकने की मांग की गयी है। होली पर अवकाश के बावजूद कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजय कुमार मिश्रा व न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी की खंडपीठ ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये ‘अर्जेंट’ सुनवाई की। सुनवाई की अगली तारीख 23 मार्च तय की गयी है। लक्सर निवासी वीरेंद्र कुमार और जनता कैबिनेट पार्टी की अध्यक्ष भावना पांडे ने खानपुर के विधायक पत्रकार उमेश शर्मा (कुमार) पर नामांकन में दिये गये शपथपत्र में कई जानकारियां छुपाने का आरोप लगाया है। दायर याचिका में बताया गया कि उमेश के खिलाफ विभिन्न न्यायालयों में विचाराधीन 29 आपराधिक मामले हैं, लेकिन शर्मा ने नामांकन में 16 मामलों की सूची ही शपथपत्र के साथ दी है। उन्होंने मुख्य अपराधों को छुपाया है, इसलिये उन्हें विधायक की शपथ लेने से रोका जाए।