मास्टर-ब्लास्टर को क्रिकेट से संन्यास लिए हुए लगभग नौ साल बीत गए हैं। लेकिन आज भी सचिन तेंदुलकर की लोकप्रियता कम नहीं हुई है।
क्रिकेट से दूर होने के बाद तेंदुलकर सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर दो दिन में दो शानदार वीडियो शेयर किए हैं। एक में वह नए खेल में हाथ आजमा रहे हैं, तो दूसरे में चूल्हे पर बने खाने का स्वाद लेते नजर आ रहे हैं। तेंदुलकर के इन दोनों ही वीडियो को फैंस काफी पसंद कर रहे हैं।
दरअसल, सचिन ने 29 दिसंबर को एक वीडियो शेयर किया। जिसमें वो राजस्थान में मिट्टी के चूल्हे पर दो महिलाएं खाना पका रही हैं। तेंदुलकर उनसे बात कर रहे हैं। सचिन ने कैप्शन में लिखा, ''चूल्हे पर बने खाने का स्वाद ही अनोखा होता है।''
तेंदुलकर ने फिर कहा, ''खाना तो मैं भी बना लेता हूं, लेकिन गोल रोटी नहीं बना पाता। चूल्हे पर बने खाने का स्वाद अलग होता है। गैस पर बने खाने से ज्यादा यह स्वादिष्ट होता है।'' सचिन के सामने जब घी रखी गई तो उन्होंने कहा, ''इतना घी तो मैंने जीवन में नहीं खाया है। ये प्यार भरा घी है।'