Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Mon, 4 Apr 2022 6:33 am IST


Russia Ukraine War: कीव के नजदीक 410 नागरिकों के शव मिलने से बवाल


राजधानी कीव के नजदीक के बूचा और कुछ अन्य कस्बों-गांवों में नागरिकों के 410 शव मिलने से यूक्रेन में रूसी सेना के कृत्य की तीव्र भ‌र्त्सना शुरू हो गई है। अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी और यूरोपीय यूनियन (ईयू) ने इसे गंभीर युद्ध अपराध मानते हुए रूस की कड़ी निंदा की है। जबकि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इस नरसंहार के लिए रूस की निंदा करते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से उस पर नए प्रतिबंधों की मांग की है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जानसन ने कहा है कि उनका देश अब रूस पर प्रतिबंध और यूक्रेन की सहायता बढ़ाएगा। लेकिन रूस ने नागरिकों की सामूहिक हत्या में शामिल होने से इन्कार किया है.

इस बीच कीव और चार्निहीव के नजदीकी इलाके खाली करते हुए रूसी सेना यूक्रेन के उत्तर से निकल गई है। लेकिन रविवार को पूर्वी, दक्षिणी यूक्रेन और बंदरगाहों पर रूसी हमले तेज हो गए हैं। शनिवार को रूसी सेना ने कीव के आसपास का इलाका खाली किया था। लेकिन जैसे ही वहां पर यूक्रेन की सेना पहुंची तो बूचा कस्बे और कुछ अन्य इलाकों में बढ़ी संख्या में नागरिकों के शव मिले।