Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Wed, 5 Oct 2022 4:55 pm IST


26-27 को बदं होंगे गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट


उत्तरकाशी : विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट बंद होने का शुभ मुहूर्त तय हो गया है। गंगोत्री धाम के कपाट 26 अक्टूबर को दोपहर 12.01 मिनट पर बंद होंगे। कपाट बंद होने के बाद देश-विदेश के श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन उनके शीतकालीन प्रवास मुखीमठ (मुखवा) में कर सकेंगे। वहीं दूसरी ओर यमुनोत्री धाम के कपाट भैया दूज के अवसर पर 27 अक्टूबर को 12:09 मिनट पर बंद होंगे। यमुना की डोली लेने के लिए खरशाली गांव से शनि महाराज की डोली 27 अक्टूबर की सुबह यमुनोत्री पहुंचेगी। जिसके बाद शुभ मुहूर्त पर कपाट बंद किए जाएंगे।गंगोत्री धाम के कपाट बंद करने का शुभ मुहूर्त विजय दशमी के शुभ अवसर पर तीर्थ पुरोहितों ने निकाला। जिसके बाद मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने कपाट बंद करने की शुभ तिथि और शुभ समय की औपचारिक घोषणा भी की। गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष हरीश सेमवाल ने बताया कि गंगोत्री धाम के कपाट अन्नकूट के अवसर पर बंद होते हैं। इस बार 26 अक्टूबर को सुबह 10.15 बजे मां गंगा के मुकुट को उतारा जाएगा। उसके बाद निर्वाण दर्शन होंगे। वेद मंत्रों के साथ मां की मूर्ति का महाभिषेक होगा। इसके बाद विधिवत हवन पूजा-अर्चना के साथ कपाट बंद कर दिए जाएंगे। कहा कि कपाट अभिजीत मूर्हूत व अमृत बेला पर दोपहर ठीक 12:01 बजे श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ बंद कर दिए जाएंगे।