भारत जोड़ो यात्रा को लेकर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने रविवार को रुद्रपुर में बैठक की। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि भारत की आजादी में कांग्रेस का महत्वपूर्ण योगदान रहा है और भाजपा कभी भी उस इतिहास को नहीं मिटा सकती है।
प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा का कार्यक्रम नौ से 15 अगस्त के बीच होगा। इसमें कांग्रेस कार्यकर्ता क्षेत्र के गांवों में पदयात्रा कर लोगों से जनसंपर्क व जन संवाद करेंगे। रविवार को हुई बैठक को कांग्रेसी नेता रणजीत रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा आदि ने संबोधित किया। बैठक के दौरान नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा में लोगों तक संदेश पहुंचाना है कि कांग्रेस कमजोर नहीं है।
कांग्रेस के प्रदेश सचिव विनोद कोरंगा ने पार्टी के बड़े नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि वे लोग फील्ड में नहीं जाते हैं। इस वजह से कार्यकर्ताओं का मनोबल कमजोर होता है। हालांकि इस पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ की हड्डी हैं। उन्होंने कहा कि हमें एकजुट होकर खड़े होना होगा।
भारत जोड़ो यात्रा पर कार्यकर्ताओं के अलावा बड़े नेता भी शामिल होंगे। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस कभी हताश नहीं हो सकती है। इस दौरान मौजूद सभी नेताओं ने अपने विचार रखे। बैठक के दौरान जसपुर विधायक आदेश चौहान, खटीमा विधायक भुवन कापड़ी, संजीव आर्य, हरीश पनेरू आदि मौजूद थे।