Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Thu, 28 Apr 2022 6:50 pm IST


सुल्तानपुरपट्टी में आमने-सामने हुई फायरिंग में एक की मौत, तीन घायल


ठेके पर लिए गए स्टोन क्रशर के लेनदेन के विवाद को लेकर मंगलवार आधी रात बाजपुर ब्लॉक के कनिष्ठ उप प्रमुख तजिंदर सिंह जंटू और हल्द्वानी-बाजपुर बस यूनियन के अध्यक्ष नेत्रपाल शर्मा के गुट आमने-सामने आ गए। पिपलिया गांव में दोनों पक्षों के बीच करीब 50 राउंड गोलियां चलने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और कनिष्ठ उप प्रमुख तजिंदर सिंह जंटू समेत एक ही पक्ष के तीन लोग घायल हो गए। घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने तजिंदर की तहरीर पर हत्या और शर्मा पक्ष की तहरीर पर डकैती की धाराओं में मुकदमे दर्ज कर लिए हैं। इनमें एक पक्ष से एक और दूसरे पक्ष से चार लोग नामजद किए गए हैं।पुलिस के अनुसार मंगलवार देर रात करीब 12 बजे कनिष्ठ उप प्रमुख तजिंदर सिंह जंटू अपने दस-बारह अन्य साथियों को लेकर सुल्तानपुर पट्टी के गांव पिपलिया निवासी नेत्रपाल शर्मा के आवास पर गए। वहां लेनदेन को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। इस पर दोनों ओर से हथियार निकल आए। देखते ही देखते दोनों तरफ से ताबड़तोड़ फायरिंग होने लगी। गोली लगने से कनिष्ठ उपप्रमुुख के साथ आए मिलक खानम (रामपुर) निवासी कुलवंत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तजिंदर सिंह, मोहित अग्रवाल, हरप्रीत सिंह घायल हो गए।