Read in App


• Mon, 5 Jul 2021 8:11 am IST


वरिष्ठों का आशीर्वाद लेकर की धामी ने दिन की शुरुआत


भाजपा में रविवार को सुबह से ही हलचल तेज थी। शनिवार शाम से पार्टी के वरिष्ठ विधायकों के नाराज होने की चर्चाएं जोर पकड़े हुए थे। सुबह उन्हें मनाने का दौर आरंभ हुआ। इस सबके बीच मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले भाजपा विधायक दल के नेता पुष्कर सिंह धामी ने दिन की शुरुआत वरिष्ठ पार्टी नेताओं से भेंट कर की। रविवार सुबह पुष्कर सिंह धामी सबसे पहले कार्यवाहक मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के जनरल महादेव सिंह रोड पर भागीरथीपुरम स्थित आवास पहुंचे और उनसे शिष्टाचार भेंट की। यहां से वह पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के डिफेंस कालोनी स्थित आवास पर पहुंचे। मुलाकात की इस कड़ी को आगे बढ़ाते हुए धामी पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूडी के बसंत विहार स्थित आवास पर पहुुंचे। उन्होंने यहां पूर्व मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।