Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Fri, 16 Sep 2022 11:51 am IST


लखनऊ में दीवार ढहने से नौ लोगों की मौत, सीएम योगी ने किया मुआवजे का ऐलान


लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच शुक्रवार सुबह तड़के तीन बजे बड़ा हादसा हो गया। यहां दिलकुशा कॉलोनी में दीवार ढहने से नौ लोगों की दबकर मौत हो गई। वहीं, दो घायलों को सिविल अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। यह सभी कैंट क्षेत्र में आर्मी कैंपस की पुरानी दीवार के सहारे झोपड़ी में रह रहे थे और नई बाउंड्रीवाल के निर्माण कार्य का काम कर रहे थे।

जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार ने बताया कि हादसे में मरने वाले सभी लोग और घायल झांसी जिले के पचवारा के निवासी हैं। मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ घायलों से मिलने अस्‍पताल पहुंचने वाले थे, लेकिन कालिदास चौराहे के पास पार्क रोड पर जलभराव था, जिस कारण दौरा रद्द हो गया।


घायलों की हालत खतरे से बाहर

लखनऊ डीएम ने बताया कि बांउड्रीवाल के पास लोग झोपड़ी में सोए थे। देर रात ही रेस्क्यू पूरा कर लिया गया। घायलों की हालत खतरे से बाहर है। वहीं, सिविल अस्‍पताल के डायरेक्टर आनंद ओझा ने बताया कि सुबह सात बजे नौ लोगों को लाया गया था, जिनकी मौत हो चुकी थी। इसके अलावा दो घायल हैं, जिनका उपचार चल रहा है।


आर्मी कैंट के पास हादसे के रेस्क्यू के लिए आर्मी के जवान भी मौके पर पहुंच गए। मुख्‍यमंत्री योगी खुद हादसे पर नजर बनाए हैं। सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्‍होंने मृतकों के परिजनों को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि देने का ऐलान किया है। साथ ही घायलों के बेहतर इलाज कराए जाने के निर्देश भी दिए हैं