Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sat, 16 Jul 2022 12:50 pm IST


अग्निपथ भर्ती योजना पर बोले पूर्व सीएम हरीश रावत, कहा- उत्तराखंड के लिए बर्बादी का पथ


 केंद्र सरकार की अग्निपथ भर्ती योजना के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए हैं। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के नाकामियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने कहा केंद्र की मोदी सरकार तमाम मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। अग्निपथ योजना लाकर केंद्र सरकार ने देश के युवाओं के साथ धोखा किया है।



शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शिखर तिराहे से पदयात्रा निकाली। पदयात्रा माल रोड होते हुए पंत पार्क तक पहुंची। यहां सभा का आयोजन किया गया। पूर्व सीएम रावत ने कहा नई योजना अग्निपथ उत्तराखंड के लिए बर्बादी का पथ है। उन्होंने कहा कि इस योजना के बाद युवाओं का भारतीय सेना के सिपाही होने का गौरव भी छिन गया है।

कहा कि राज्य के नौजवान सेना में भर्ती होना अभिमान समझते हैं, अब नई योजना के बाद वो सैनिक नहीं बल्कि अग्निवीर होंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के कुमाऊं और गढ़वाल समेत अन्य रेजीमेंट हमारे आत्म स्वाभिमान का प्रतीक हैं। लेकिन नई योजना इन सेनाओं के सिस्टम ऑफ आर्मी को खत्म कर देगा।

उन्होंने कहा कि इससे वीरता और पराक्रम का इतिहास भी अतीत के पन्नों पर चला जाएगा। इस दौरान उन्होंने कहा कि जो युवा बचपन से सेना में भर्ती होकर सैनिक बनने का सपना देख रहे हैं, उनके लिए भी यह योजना मात्र छलावा है।