Read in App


• Wed, 16 Oct 2024 3:44 pm IST


डेंगू के संदिग्ध मरीज मिलने के बाद अस्पताल प्रशासन सतर्क


बागेश्वर। छह मरीजों में डेंगू के लक्षण मिलते ही जिला अस्पताल प्रशासन सतर्क हो गया है। डेंगू मरीजों के लिए अलग वार्ड, प्रत्येक बेड में मच्छरदानी और दवा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। फिलहाल अस्पताल में भर्ती मरीजों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आने से अस्पताल प्रशासन को राहत मिली है। जिला अस्पताल के बुजुर्ग वार्ड को डेंगू वार्ड बनाया गया है। इसमें डेंगू के लक्षण वाले पांच मरीजों को भर्ती किया गया। वहीं दस वर्षीय बच्चे को आईसीयू में भर्ती किया गया है। अस्पताल प्रशासन ने दावा किया है कि मरीजों की संख्या बढ़ने पर भी उन्हें उपचार के बेहतर इंतजाम किए गये हैं। अस्पताल में बेड, मच्छरदानी और दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। मरीजों की नियमित रूप से रक्त जांच की जा रही है। जिला अस्पताल के प्रभारी सीएमएस डॉ.गिरजा शंकर जोशी ने बताया कि डेंगू के मरीज बढ़ने पर अन्य वार्डों को डेंगू वार्ड में तब्दील किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर ट्रामा सेंटर में लगाए गए 18 बेड की सेवा मरीजों को दी जाएगी।