Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sun, 23 Apr 2023 6:00 pm IST

राजनीति

असम पुलिस ने यूथ कांग्रेस प्रेसिडेंट श्रीनिवास को भेजा नोटिस, गिरफ्तारी की भी चेतावनी


दिसपुर: असम पुलिस ने यूथ कांग्रेस (IYC) के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष श्रीनिवास बीवी को रविवार को नोटिस जारी किया है। श्रीनिवास को पुलिस ने दो मई को सुबह 11 बजे दिसपुर पुलिस स्टेशन में हाजिर होने को कहा है। इस नोटिस में ये भी लिखा गया है कि अगर श्रीनिवास ऐसा नहीं करते हैं तो वे सीआरपीसी की धारा 41A के तहत गिरफ्तार किए जाएंगे।

दरअसल, असम यूथ विंग की अध्‍यक्ष रहीं अंगकिता दत्ता ने श्रीनिवास और पार्टी सचिव वर्धन यादव पर बीते छह महीनों से मानसिक शोषण और भेदभाव का आरोप लगाया था। शनिवार को ही कांग्रेस ने अंगकिता को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। यह कार्रवाई उन पर पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में की गई है। इस एक्शन के बाद अंगकिता दत्ता ने ट्विटर अकांउट पर खुद को असम यूथ कांग्रेस की प्रताड़ित महिला अध्यक्ष बताया।

मुख्‍यमंत्री हिमंता ने किया ट्वीट  

वहीं, श्रीनिवास बीवी को भेजे गए नोटिस को लेकर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने भी ट्वीट किया है। उन्‍होंने लिखा- 'असम पुलिस कानून के मुताबिक काम कर रही है। वो एक महिला कांग्रेस कार्यकर्ता की शिकायत की जांच कर रहे हैं। कांग्रेस में महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण की कमी के लिए मुझे दोष देना गलत है। कृपया, आरोपी को कानूनी प्रक्रिया में सहयोग करने की सलाह दें।'