Read in App


• Thu, 21 Mar 2024 3:05 pm IST


आपस में भिड़े मखना हाथी और टस्कर हाथी , संघर्ष शांत कराने में छूटे वनकर्मियों के पसीने


ऊधम सिंह नगर : पानी की तलाश में दूसरे हाथियों के क्षेत्र में आने पर बिना दांत वाला हाथी (मखना) का दांत वाले हाथी से संघर्ष हो गया। टस्कर हाथी ने मखना हाथी को दूर तक दौड़ा दिया। घंटों तक चले आपसी संघर्ष को शांत कराने में वनकर्मियों का पसीना छूट गया। अमानगढ़ रेंज में वन्यजीवों के लिए पानी और आहार की अधिकता के चलते अक्सर कार्बेट पार्क के वन्यजीव भी अमानगढ़ चले आते हैं जिसे वहां के वन्यजीव पसंद नहीं करते। अमानगढ़ रेंज के कोठीरो बीट में प्यास बुझाने के लिए एक मखना हाथी आया था। वहां पहले से मौजूद एक टस्कर ने मखना हाथी को खदेड़ कर भगा दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घंटों चले संघर्ष में मखना हाथी लौटने को मजबूर हो गया।


मखना और टस्कर हाथी के भिड़ंत की सूचना पर वनकर्मियों को मौके पर भेजा गया। आपसी संघर्ष में कोई हाथी घायल नहीं पाया गया। अक्सर इस मौसम में हाथियों में आपसी संघर्ष की घटनाएं होती रहती हैं। रेंज स्टाफ को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। - खुशबू उपाध्याय, वन क्षेत्राधिकारी, अमानगढ़ रेंजI