Read in App

Surinder Singh
• Sun, 7 Mar 2021 3:33 pm IST


गोर्खाली सुधार सभा का अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर हुआ कार्यक्रम का आयोजन


अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में गोर्खाली सुधार सभा, सबकी सहेली फाउंडेशन ट्रस्ट व आगाज फेडरेशन की ओर से संयुक्त कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 35 महिलाओं को सम्मानित किया गया। 

शनिवार को गढ़ी कैंट स्थित गोर्खाली सुधार सभा में कार्यक्रम का उद्घाटन दर्जाधारी व गोरखा कल्याण परिषद के अध्यक्ष लेफ्टिनेंट टीडी भूटिया ने किया। उन्होंने महिलाओं को आगे बढ़ाने और सशक्त बनाने पर जोर दिया। सुप्रीम कोर्ट की वरिष्ठ अधिवक्ता सुषमा ने महिलाओं को कानून की जानकारी दी। डॉ. मुकुल शर्मा ने महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में बताया। इस मौके पर देवकी दीवान और राजगीता शर्मा को महिला विशेष सेवा सम्मान से नवाजा गया। सुमिता थापा, रीना वर्मा, वंदिता, मनीषा आले, मनीषा गौनियाल को कोरोना योद्धा, सुषमा थापा को उद्यम क्षेत्र के लिए सम्मानित किया गया। इस दौरान उमा और अनीता शर्मा को प्रशिक्षण के लिए सिलाई मशीन, जबकि देव्यांश को व्हीलचेयर प्रदान की गई। ट्रस्ट की अध्यक्ष पूजा सुब्बा ने बताया कि संस्था ने कोरोनाकाल में सहयोग करने वाले 30 महिला व पुरुषों को भी सम्मानित किया। 

कार्यक्रम में प्रियांशी थापा, रीता, प्रीति, दीप्ति नेगी, मनीषा आले ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। इस मौके पर गोर्खाली सुधार सभा के अध्यक्ष पदम सिंह थापा, माया चौधरी, लता ठाकुर, ज्योति कोटिया, मीनू आले, शक्ति गुरुंग, गीता श्रेष्ठ आदि मौजूद रहे।