Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Thu, 16 Jan 2025 4:38 pm IST


पिथौरागढ़ में कांग्रेस ने बागियों के खिलाफ की कार्रवाई, कुमाऊं प्रभारी भागीरथ भट्ट ने दिए निर्देश


कांग्रेस ने बागियों के खिलाफ कार्रवाई कर सभी कार्यकर्ताओं को कड़ा संदेश दिया है। यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सहित आठ पदाधिकारियों को पार्टी ने छह साल के लिए निष्कासित किया है। निकाय चुनाव के कुमाऊं प्रभारी भागीरथ भट्ट ने इसके निर्देश जारी किए हैं।

निकाय चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने पर यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव ऋषेंद्र महर, युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव आनंद धामी, प्रकाश देवली, एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष निखिल ऐरी, प्रदेश महासचिव ऋषभ कल्पासी, जिला उपाध्यक्ष जतिन वल्दिया, अजय वल्दिया, कमलेश कसन्याल को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित किया है। निकाय चुनाव के कुमाऊं प्रभारी भागीरथ भट्ट ने इस संबंध में पत्र जारी किया है। भट्ट के मुताबिक सभी कार्यकर्ता निकाय चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी अंजू लुंठी के पक्ष में खड़ा होने के बजाय निर्दलीय मोनिका महर का प्रचार कर रहे हैं।

दरअसल मोनिका महर युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव ऋषेंद्र महर की पत्नी हैं जिन्होंने नगर निगम पिथौरागढ़ में मेयर पद के लिए पार्टी से टिकट की दावेदारी की थी। पार्टी ने विधानसभा उपचुनाव की प्रत्याशी और कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंजू लुंठी को टिकट दिया तो मोनिका महर निर्दलीय मैदान में उतरीं हैं और उनके पति यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव ऋषेंद्र महर भी अपने कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी से बगावत कर उनके साथ खड़े हैं।

कांग्रेस से विधायक मयूख महर ने भी पार्टी से बगावत कर मोनिका को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। ऐसे में कांग्रेस ने पार्टी से बगावत करने वालों के खिलाफ निष्कासन की कार्रवाई की है।