Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Thu, 11 May 2023 3:51 pm IST

राजनीति

भाजपा में शामिल हुए आरसीपी सिंह: नीतीश कुमार को बताया पल्टीमार, जदयू बोली- BJP में एक विभीषण शामिल


पटना: जनता दल यूनाइटेड (JDU) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। दिल्ली के भाजपा ऑफिस में केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने उनको पार्टी की सदस्यता दिलाई।

भाजपा में शामिल होने के बाद आरसीपी सिंह ने कहा कि मेरे लिए ये गौरव और गर्व का पल है। उन्‍होंने कहा कि नीतीश जी बोलते हैं कि देश में कोई काम नहीं हो रहा है। वो देखें आज देश कहां चला गया है और बिहार कहां खड़ा है। नीतीश को पहले क्राइम से नरफत थी। उन्हें C से बहुत प्रेम है और C से चेयर होता है, इसलिए कुर्सी के मोह में सारा काम कर रहे हैं। बिहार में आज साल 2005 से भी बुरे हालात हैं। आरसीपी सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार को सब PM कहते हैं। मैंने भी उन्हें कहा कि आप PM थे, PM हैं और PM रहेंगे। पीएम मतलब पल्टीमार। उन्होंने कितनी बार विश्वासघात किया है।

नीतीश कुमार के करीबी रहे हैं आरसीपी सिंह

बात दें कि आरसीपी सिंह के बारे में कई महीनों से भाजपा में शामिल होने की अटकलें चल रही थीं। लगभग नौ महीने बाद आरसीपी सिंह किसी पार्टी के सदस्य बने हैं। इससे पहले वह जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं और केंद्र में इस्पात मंत्री रह रहे हैं। आरसीपी सिंह मुख्‍यमंत्री नीतीश के काफी करीबी रहे हैं। वह मुख्यमंत्री के ही गृह जिले नालंदा से आते हैं। वहां से आरसीपी लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। जदयू छोड़ने के बाद नालंदा में सक्रिय हैं। आरसीपी सिंह नीतीश कुमार के साथ करीब 24 साल तक रहे थे। वह जब केंद्रीय मंत्री बने और उन्हें तीसरी बार राज्यसभा सदस्य बनाना था तो नीतीश कुमार की पार्टी जदयू ने उन्हें राज्यसभा के लिए नहीं भेजा। इसके बाद उन्हें मंत्री पद छोड़ना पड़ा। फिर आरसीपी सिंह ने जदयू की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया। तब से वह किसी पार्टी या दल में शामिल नहीं हुए थे।

बीजेपी में एक विभीषण शामिल: जदयू

वहीं, आरसीपी के भाजपा में शामिल हो जाने के बाद जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि आज बीजेपी में एक विभीषण शामिल हुए हैं। ऐसी भाजपा, जो जातिगत जनगणना की विरोधी है। ऐसी भाजपा, जो बिहार को विशेष राज्य का दर्जा नहीं दे रही है। ऐसे आरसीपी सिंह, जो 2020 में उनका शरीर तो जदयू में था, लेकिन उनकी आत्मा पूरी तरह से भाजपाई हो गई थी। आरएसएस का बिना वस्त्र धारण किए, वह भाजपा में शामिल हुए हैं। उधर, प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने उन्हें शुभकामना भी दी है।