राज्य में भर्ती घोटाले के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार का पुतला फूंका। इस दौरान बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी को लेकर चार सितंबर को दिल्ली में प्रस्तावित बैठक को सफल बनाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तैयारियों पर चर्चा की।
रविवार को पूर्व विधायक प्रेमानंद महाजन की अध्यक्षता में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक कंबोज धर्मशाला में आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि गदरपुर विधानसभा क्षेत्र से करीब 500 से अधिक कार्यकर्ता तीन सितंबर की रात बसों से दिल्ली रवाना होंगे। पूर्व विधायक महाजन ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी पर कोई भी ठोस कदम नहीं उठाया है जिससे आम जनता और देश का युवा बुरी तरह परेशान हो चुका है।वक्ताओं ने उत्तराखंड में भर्ती घोटाले पर भी नाराजगी जताते हुए आरोपियों के खिलाफ सीबीआई जांच की मांग की। बैठक के बाद आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदेश सरकार का पुतला फूंककर विरोध जताया। संचालन कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष नासिर हुसैन ने किया।