देहरादून। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब व राजस्थान के साथ रोडवेज बस संचालन बंद होने के बाद अब चंडीगढ़ व हिमाचल के साथ भी संचालन बंद हो गया है। शनिवार आठ मई से उत्तर प्रदेश ने अपने सीमा क्षेत्र में किसी भी राज्य की रोडवेज बसों के संचालन पर रोक लगा दी थी। देहरादून और हरिद्वार की तरफ से कुमाऊं और दूसरे राज्य जाने वाली बसों को उत्तर प्रदेश पुलिस ने वापस लौटा दिया था। इसके बाद केवल हिमाचल और चंडीगढ़ के लिए यात्रियों की उपलब्धता के आधार पर चुनिंदा बसों का संचालन किया जा रहा था, लेकिन गुरुवार से इसे भी बंद कर दिया गया। अब उत्तराखंड रोडवेज की बसें केवल प्रदेश के भीतरी मार्गों पर चलाई जाएंगी।