Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Tue, 14 Mar 2023 5:13 pm IST


शिक्षक की सलाह पर शालिनी ने दिया ICAR का एक्जाम, दीक्षांत समारोह में जीता स्वर्ण पदक


केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय का दूसरा दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। इसमें कुल 18 में से 16 स्वर्ण पदक पर छात्राओंका कब्जा रहा। इस दौरान कृषि संकाय की छात्रा शालिनी शुक्ला को भी स्वर्ण पदक से नवाजा गया। शालिनी इन दिनों एक राष्ट्रीय बैंक में बतौर कृषि अधिकारी काम कर रही हैं।  एक बातचीत में शालिनी शुक्ला बताती हैं कि वह मूलतः उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले की रहने वाली हैं और एक समय में वह पहले डॉक्टर बनना चाहती थीं।
वह बताती हैं कि मेडिकल की तैयारी के लिए वह कोटा भी गई थी। वहां पर उन्होंने एक साल तक तैयारी भी की। इसी दौरान एक शिक्षक ने उन्हें सलाह दी कि वह मेडिकल की तैयारी के साथ-साथ कृषि विश्वविद्यालय के लिए होने वाली परीक्षाओं की भी तैयारी जारी रखें। इस कोर्स में पढ़ने वाले बच्चों को पूरा भारत घूमने का भी मौका मिलता है। शालिनी के मुताबिक, उन्होंने आईसीएआर की परीक्षा दी और पहले ही प्रयास में उन्हें झांसी के रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में एडमिशन मिल गया। इसके बाद शालिनी कोटा से झांसी आ गई और केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय  में पढ़ाई करने लगीं।
शालिनी ने कहा, शुरूआत में उनका मन ज्यादा पढ़ाई में नहीं लगा लेकिन समय बीतने के साथ उन्हें सब कुछ समझ आने लगा। वह कहती हैं कि उन्हें नहीं पता था कि विश्वविद्यालय में छात्राओं को कोई पदक भी दिया जाता है। जब एक शिक्षक ने उन्हें इस बारे में जानकारी दी तो उन्होंने ठान लिया की वह स्वर्ण पदक जीत कर रहेंगी।