मासिक वेतन, पेंशन और आशा वर्करों को सरकारी कर्मचारी का दर्जा सहित अन्य मांगों को लेकर लंबे समय से आंदोलनतर आशा कार्यकत्रियां एक बार फिर सड़क पर उतर आई हैं। उन्होंने सीएम पुष्कर सिंह धामी पर झूठा वायदा करने का आरोप लगाया। कहा जब प्रदेश के मुख्यमंत्री ही झूठे आश्वासन देंगे तो किस पर भरोसा किया जाए। मंगलवार को जिलाध्यक्ष इंद्रा देउपा के नेतृत्व में आशा कार्यकत्रियां टकाना स्थित रामलीला मैदान में एकत्र हुए। इस दौरान उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष देऊपा ने कहा विभिन्न मांगों को लेकर लंबे समय वे संघर्षरत हैं। बीते दिनों प्रदेश भर की आशाओं ने एक माह से अधिक समय तक धरना-प्रदर्शन भी किया। सरकार ने उनकी मांगों को शीघ्र पूरी करने की मांग करते हुए आश्वासन दिया। लेकिन एक माह से अधिक समय बीतने के बावजूद सरकार ने कोई सकारात्मक पहल नहीं की है। कहा इससे आशा वर्कर अपने आप को ठगा महसूस कर रहे हैं। कहा सरकार आशाओं को छलने की कोशिशें कर रही हैं। परंतु इस बार आशा वर्कर किसी भी छलावे में नहीं आने वाली हैं। कहा जब तक धामी सरकार अपना वायदा पूरी नहीं करेंगी, आशा कार्य पर नहीं लौटेंगी।