Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Wed, 16 Aug 2023 10:27 am IST


उत्तराखंड: मदमहेश्वर में फंसे लोगों का हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू शुरू


उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में भारी बारिश और भूस्खलन के चलते लोगों को काफी परेशानी हो रही है। मदमहेश्वर घाटी में अतिवृष्टि के कारण ग्राम गौंडार में बणतोली स्थान पर पैदल मार्ग को जोड़ने वाला पुल एवं मार्ग का कुछ हिस्सा बह गया था। इससे यहां पर कई लोग फंसे थे। आज यहां फंसे यात्रियों को हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू किया जा रहा है।

मदमहेश्वर पैदल मार्ग पर पैदल पुल के अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त होने के कारण फंसे यात्रियों को हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू किया जा रहा है। आज मौसम के साफ होने पर मदमहेश्वर घाटी में फंसे लोगों को हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू कर निकाला जा रहा है। लोगों को सुरक्षित यहां से निकालने के लिए लगातार जवान लगे हुए हैं।

स्थानीय लोगों की मदद से तैयार किया गया अस्थाई हेलीपैड

मदमहेश्वर धाम से तकरीबन 6-7 किलोमीटर नीचे नानू नामक स्थान पर स्थानीय लोगों व महिलाओं की मदद से वैकल्पिक व अस्थाई हेलीपैड तैयार किया गया है। यहाँ तक लोग पैदल पहुंच रहे हैं। इन लोगों को हेलीकॉप्टर द्वारा रांसी गांव तक छोड़ा जा रहा है, जहां से वापसी का सफर सड़क मार्ग से किया जा रहा है।