हरिद्वार: 14 सूत्रीय मांगों को लेकर छह अक्टूबर से प्रस्तावित हड़ताल को लेकर विद्युत विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों ने सोमवार को विद्युत अधिकारी कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा के बैनर तले मायापुर स्थित अधिशासी अभियंता (परियोजना) कार्यालय पर सभा की। वक्ताओं ने कहा कि समय रहते मांगें नहीं मानी तो छह अक्टूबर सुबह आठ बजे से हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। सभा में मोर्चा ने प्रदेश के विभिन्न संगठनों की ओर से ऊर्जा कार्मिकों को दिए जा रहे समर्थन पर आभार जताया।
अध्यक्षता करते हुए केडी जोशी ने वर्तमान हड़ताल की परिस्थितियों और कारण से अवगत कराया। बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और ऊर्जा मंत्री डा. हरक सिंह रावत से ऊर्जा कार्मिकों के साथ वर्ष 2017 से अब तक हुए सभी समझौतों के सम्मान और इलेक्ट्रिसिटी एक्ट 2003 के प्रविधानों के तहत 9-14-19 वर्ष में एसीपी की व्यवस्था तत्काल शुरू करने की मांग की गई थी। कहा कि ऊर्जा निगमों के प्रबंधन की ओर से गलत बयानी की जा रही है कि कर्मचारियों की इन 14 सूत्रीय मांगों में कोई भी नई मांग नहीं है।