नवरात्र के पहले ही दिन कुट्टू के आटे से बने खाद्य पदार्थों का सेवन करके बीमार होने वालों में से 121 लोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया है। पांच लोग अब भी सरकारी और निजी अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी हालत भी सामान्य है। शनिवार से शुरू हुए चैत्र नवरात्र के पहले ही दिन शहर से लेकर देहात तक बड़ी संख्या में लोग कुट्टू के व्यंजन खाने से बीमार हो गए थे। रविवार को ब्रह्मपुरी, काशीपुरा, गांव श्यामपुर, कांगड़ी, गाजीवाली, रोशनाबाद के लोगों को जिला और मेला अस्पताल में भर्ती कराने के साथ ही निजी अस्पतालों में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। इसमें जिला अस्पताल में 42 और मेला अस्पताल में 40 लोगों को इलाज के लिए लाया गया था। इसके अलावा अन्य बीमारों को शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। सोमवार को कुल फूड प्वाइजनिंग से बीमार हुए 126 लोगों में से 121 को अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है। तीन जिला और दो भूमानंद हॉस्पिटल में भर्ती हैं। सीएमओ डा. कुमार खगेंद्र सिंह ने बताया कि डिस्चार्ज हुए सभी लोग सामान्य हालत में हैं। जो मरीज भर्ती हैं, उनके भी देर शाम या सुबह तक डिस्चार्ज होने की उम्मीद है।