देहारदून : उत्तराखंड के कुमाऊं में बुधवार को ठंड ने फिर करवट बदली। कड़ाके की ठंड के साथ ज्यादातर इलाके शीतलहर की चपेट में रहे। मुनस्यारी में रात में पारा गिरकर शून्य से नीचे गिरकर माइनस तीन डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से स्रोतों व नलों में पानी जमने लगा है। इससे लोग जल संकट से जूझ रहे हैं। मुक्तेश्वर में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने पांच और छह जनवरी के लिए अत्यधिक ठंड को अलर्ट जारी किया है।वहीं, नैनीताल में नगर में इस वर्ष अब तक मौसम खुशनुमा बना हुआ है। तापमान में आंशिक गिरावट दर्ज की गई है। इस सीजन में नैनीताल में अब तक बर्फबारी नहीं हुई है, जबकि बीते वर्ष अब तक दो बार हिमपात हो चुका था। इस सीजन में बारिश तक न होने से झील का जल स्तर भी उच्चतम स्तर से लगभग चार फुट नीचे है।रात आसमान साफ रहन से पिथौरागढ़, बागेश्वर, गरुड़, कौसानी, ग्वालदम, बैजनाथ में जमकर पाला गिरा। इसके चलते सुबह और शाम के समय अधिक ठिठुरन महसूस की गई। पाला गिरने से फसलों को नुकसान हो रहा है। बागेश्वर और कपकोट में सुबह के समय कोहरा पसरा रहा।