Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Mon, 18 Jul 2022 2:09 pm IST

राजनीति

राष्ट्रपति चुनाव में क्रॉस वोटिंग, NCP विधायक का मुर्मू के समर्थन में मतदान


नई दिल्‍ली: देश के 15वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए वोटिंग जारी है। इसमें कुल 4800 निर्वाचित सांसद और विधायक हिस्सा ले रहे हैं। चुनाव में 27 दलों के समर्थन के साथ द्रौपदी मुर्मू का पलड़ा भारी नजर आ रहा है, जबकि सिर्फ 14 दलों के समर्थन के साथ यशवंत सिन्हा को लगभग 3.62 लाख वोट ही मिलने की उम्मीद है।

इस बीच असम से एआइयूडीएफ (AIUDF) के विधायक करिमुद्दीन बारभुइया ने बड़ा दावा किया है। उन्‍होंने कहा कि असम में कांग्रेस विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है। उनके मुताबिक, रविवार को कांग्रेस ने बैठक बुलाई थी, जिसमें सिर्फ 2-3 विधायक पहुंचे थे। इससे साफ होता है कि कांग्रेस के विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की। इतना ही नहीं करिमुद्दीन ने दावा किया है कि कांग्रेस के 20 से ज्यादा विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है और परिणाम आने के बाद आपको नंबर पता चल जाएगा।

एनसीपी विधायक ने की क्रॉस वोटिंग

इसके अलावा गुजरात से एनसीपी विधायक कांधल एस जडेजा ने पुष्टि करते हुए कहा है कि उन्होंने एनडीए के राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया है।

केजरीवाल-हेमा मालिनी ने किया मतदान

उधर, विधानसभा में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान किया। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने भी मतदान किया। उन्‍होंने कहा, गोवा में राष्ट्रपति चुनाव के लिए 100 प्रतिशत वोटिंग होगी और हमें उम्मीद है कि द्रौपदी मुर्मू जी को ज्यादा से ज्यादा वोट मिलेंगे। वहीं, बीजेपी सांसद हेमा मालिनी ने संसद में राष्ट्रपति चुनाव के लिए अपना वोट डाला।