अल्मोड़ा। दिवाली पर गन्ने से मां लक्ष्मी की मूर्ति तैयार की जाती है। इस कारण गन्ने की मांग काफी बढ़ गई है। बढ़ती महंगाई ने गन्ने की कीमतों में तेजी ला दी है। नगर में एक गन्ना 80 से 100 रुपये में बिक रहा है। कल बृहस्पतिवार को दिवाली पर गन्ने की मांग अधिक रहने पर कीमतें और अधिक बढ़ सकती है।
कुमाऊं में अधिकांश स्थानों पर महालक्ष्मी पूजा के दिन गन्ने से मां लक्ष्मी की मूर्ति बनाई जाती है। गन्ने से बनी मां लक्ष्मी की मूर्ति की लोग विधि विधान से पूजा करते हैं। पंडित नवीन चंद्र जोशी ने बताया कि मां लक्ष्मी को गन्ना बहुत प्रिय है। गन्ना उनके सबरस भोजन में शामिल हैं। गन्ने को मां लक्ष्मी, श्री, धन का स्वरूप माना जाता है। गन्ने से मां लक्ष्मी की मूर्ति बनाए जाने पर मां लक्ष्मी प्रसन्न होकर भक्तों पर कृपा करती हैं।