नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने राजघाट पर कांग्रेस के सत्याग्रह को मंजूरी नहीं दी लेकिन पार्टी ने सत्याग्रह शुरू कर दिया है। एक पत्र में दिल्ली पुलिस ने कहा कि कानून-व्यवस्था और भारी यातायात कारणों के चलते राजघाट और उसके आसपास धारा 144 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेशों की वजह से कांग्रेस के राजघाट पर करने के सत्याग्रह अनुरोध को खारिज कर दिया गया था। हालांकि, कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने मौके पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम कर दिए हैं और पल पल के घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही हैं।
सत्याग्रह में शामिल होने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, जयराम रमेश, केसी वेणुगोपाल समेत पार्टी के अन्य दिग्गज नेता राजघाट पहुंच चुके हैं। इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक बार फिर से भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, 'बीजेपी राहुल गांधी को बोलने नहीं दे रही है। राहुल गांधी देश और जनता के हक के लिए लड़ रहे हैं और हम रुकेंगे नहीं। आज हम गांधी स्मारक जा रहे हैं और वहां सत्याग्रह करेंगे।'