Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sun, 2 Apr 2023 5:59 pm IST

ब्रेकिंग

बिहार हिंसा: DGP भट्ठी बोले- शांति भंग की कोशिश विफल, आरोपियों को मिलेगी सजा


पटना: बिहार के डीजीपी आरएस भट्ठी और मुख्‍य सचिव आमिर सुबहानी ने नालंदा और सासाराम में हुए उपद्रव को लेकर रविवार शाम प्रेस कॉन्‍फ्रेंस की। डीजीपी भट्ठी ने कहा कि वर्तमान में पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। बिहार शरीफ और सासाराम में जो कुछ घटनाएं हुई हैं, उनमें अभी तक कुल 109 व्यक्ति विभिन्न कांडों में संलिप्त पाए गए हैं।

बिहार डीजीपी ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है और लगातार हम और लोगों की पहचान कर रहे हैं, जिससे गिरफ्तारी हो सके। किसी भी ऐसे असामाजिक तत्व को बक्सा नहीं बख्शा जाएगा। कानून पूरी ताकत के साथ उनसे निपटेगा। उन्‍होंने कहा कि यह निश्चित तौर पर राज्य की अमन शांति को प्रभावित करने की एक कोशिश थी, जिसे पुलिस प्रशासन ने मिलकर विफल किया है।

डीजीपी बोले- आगे नहीं होने देंगे ऐसी घटना  

डीजीपी आरएस भट्ठी ने कहा कि हम पूरी तरह कॉन्फिडेंट हैं कि हम आगे ऐसी घटना नहीं होने देंगे, जिससे कि सामान्य शांति व कानून व्यवस्था की स्थिति प्रतिकूल दिखे। हम अराजकता फैलाने वाले लोग कहीं भी हैं, उनकी पहचान कर कानून के दायरे में लाएंगे।

सीएम का निर्देश है कि आरोपियों को सजा होगी: मुख्‍य सचिव  

वहीं, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी ने कहा कि जिन्होंने किसी तरह का कानूनी अपराध किया है, उनको कानून के दायरे में लाकर सजा दिलाई जाएगी। यह मुख्यमंत्री जी का निर्देश हुआ है। मैं उनका यह निर्देश आपके जरिए सभी तक पहुंचाना चाहता हूं कि राज्य सरकार इस बात पर दृढ़ है कि शांति व्यवस्था बनी रहेगी। उन्‍होंने कहा है कि किसी तरह की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उसके अलावा जो पुलिस की कार्रवाई है, जिसके आंकड़े उपलब्ध हैं, और जो पुलिस का काम है, उस पर डीजीपी और एडीजी अपना निर्णय लेंगे।