Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Tue, 24 May 2022 5:00 am IST

बिज़नेस

खिलौनों की दुनिया में बुलडोजर बाबा की धूम, लड़की कारोबारियों को मिल रहे हजारों ऑर्डर


पहले सियासत का मैदान और अब खिलौनों की दुनिया, बुलडोजर बाबा का नाम हर जगह गूंज रहा है। लकड़ी के नायाब खिलौनों के लिए मशहूर बनारस के बाजार में जल्दी ही बुलडोजर बाबा नाम का खिलौना धूम मचाने वाला है। ऐसा हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि देश के कई राज्यों से बुलडोजर बाबा नाम के खिलौने के लगभग 20 हजार आर्डर बनारस के कारोबारी को मिले हैं।

ये आर्डर दिल्ली, मुंबई, जयपुर और बंगलूरू से दिए गए हैं। खिलौना कारोबारी का कहना है कि, बनारस निर्मित खिलौनों की मांग न सिर्फ देश बल्कि विदेशों में भी है। ऑर्डर इतने हैं कि, अगले 4 महीने तक के ऑर्डर को पूरा करने के लिए वर्करों को ओवरटाइम करना पड़ रहा है। और तो और कंपनियों को लकड़ी के बुलडोजर बाबा बनाने के काम में करीब 20 अतिरिक्त कारीगरों को काम पर लगाना पड़ा है। लकड़ी के उत्पाद प्रकृति के लिए नुकसानदेह नहीं होते लिहाजा इसकी मांग अधिक है। 

बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कारीगर रंगों को चढ़ाने में सावधानी बरतते हैं। खिलौनों पर केमिकल युक्त रंगों के बजाय प्राकृतिक रंगों को सावधानी पूर्वक इस्तेमाल किया जाता है। खिलौनों की शाइनिंग बढ़ाने के लिए भी खास तरह के केमिकल का लेपन किया जाता है। हाल के दिनों में बुलडोजर टैटू की डिमांड जबरदस्त बढ़ी थी। वहीं अब बच्चे कार या ट्रक-ट्रैक्टर नहीं बल्कि बाबा का बुलडोजर मांगते हैं। यही नहीं, बच्चे वैसा बुलडोजर चाहते हैं जो 360 डिग्री घूमे, चले, आवाज करे साथ ही तोड़फोड़ भी करे। इसी हिसाब से खिलौने के निर्माता भी नए-नए मॉडल बनाने लगे हैं।