Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sun, 28 Aug 2022 10:00 pm IST

नेशनल

गंगोत्री और यमुनोत्री धाम को जोड़ेगी रेललाइन, होगा 17 किमी लंबी सुरंग का निर्माण...


गंगोत्री और यमुनोत्री धाम को रेललाइन से जोड़ने के लिए देश की सबसे लंबी रेल सुरंग का निर्माण कराया जाएगा। जाजल और मरोड़ के बीच बनने वाली इस सुरंग की लंबाई 17 किमी होगी। 

गौरतलब है कि, देश की सबसे लंबी रेल सुरंग जम्मू एवं कश्मीर राज्य में उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक परियोजना में 12.758 किमी की है। वहीं अब रेल विकास निगम लिमिटेड ने गंगोत्री और यमुनोत्री धाम को रेल लाइन से जोड़ने की योजना बनाई है। इसको लेकर कई बार सर्वे और तकनीक चर्चा भी की गयी। जिसके बाद 121.76 किमी लंबी रेलवे के सिंगल ट्रेक के लिए 30 हजार करोड़ की फाइनल डीपीआर रेलवे बोर्ड दिल्ली भेज दी गई है। इसमें से 70 प्रतिशत ट्रैक सुरंगों के अंदर होगा। 

बता दें कि, 121.76 किमी के सफर में रेल डोईवाला से 22 पुलों और 22 सुरंगों से गुजरेगी। इस दौरान 10 स्टेशन भी होंगे जिसमें दो लूप लाइन स्टेशन मातली और बड़कोट में बनेंगे। इस रेल लाइन में देश की सबसे लंबी रेल सुरंग के निर्माण की योजना बनाई गई है। यह टिहरी जनपद के जाजल और मरोड़ के बीच होगी।

गंगोत्री के लिए मातली अंतिम व यमुनोत्री के लिए नंदगांव बड़कोट अंतिम स्टेशन होगा। नंदगांव बड़कोट व मातली लूपलाइन स्टेशन होंगे। लूप लाइन स्टेशन पर इंजन परिवर्तन आदि की सुविधा होती है। बताते चलें कि, विस्तृत परियोजना रिपोर्ट यानि डीपीआर को टर्की की कंपनी यूकेसेल प्रोज ने करीब 25 करोड़ रुपए में तैयार किया है।