Read in App


• Tue, 29 Jun 2021 9:42 pm IST


सत्यम ऑटो से निकाले गए कर्मचारियों का प्रदर्शन, फैक्ट्री प्रबंधन का पुतला फूंका


हरिद्वार। सिडकुल स्थित सत्यम आटो कम्पोनेन्टस से नौकरी से निकाले गए श्रमिकों ने मंगलवार को अपने परिजनों के साथ प्रदर्शन करते हुए फैक्ट्री प्रबंधन का पुतला फूंका। प्रदर्शन के दौरान श्रमिक नेताओं ने कहा कि वे सभी लोग चार वर्ष से श्रमिक बेरोजगार हैं। परिवार का खर्च चलाना भी मुश्किल हो रहा है। श्रमिक कार्य करने को तैयार हैं। लेकिन कारखाना प्रबंधन पीड़ित श्रमिकों को काम पर नहीं ले रहा है। अप्रैल में जिला अधिकारी के समक्ष कंपनी प्रबंधन के साथ हुई वार्ता में अनुशासन पत्र भरवाकर श्रमिकों को काम पर वापस लिए जाने के संबंध में सहमति बनी थी। लेकिन कंपनी प्रबंधन ने अभी तक किसी भी श्रमिक को नौकरी पर वापस नहीं लिया है। हठधर्मिता पर अड़ा कंपनी प्रबंधन ना तो राज्य सरकार न ही जिला प्रशासन के निर्देशों को मान रहा है। जिससे श्रमिकों में रोष व्याप्त है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द से जल्द श्रमिकों को काम पर वापस नहीं लिया जाता है तो फैक्ट्री गेट पर धरना प्रदर्शन, तालाबंदी व आमरण अनशन करने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन व पुतला दहन करने वालों में चंद्रशेखर महिपाल मेजर, मदन मोहन, अरूण कुमार, संतोष, इन्दु बहुखण्डी, रजनी जोशी, किरण, सविता आदि शामिल रहे। कांग्रेस नेता जगदीश असवाल व मनोज जाटव ने श्रमिकों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि महंगाई के दौर में रोजगार नहीं रहने पर श्रमिकों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। फैक्ट्री प्रबंधन को नियमों का पालन करते हुए सभी श्रमिकों को तत्काल नौकरी पर वापस लेना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि श्रमिकों को जल्द नौकरी पर वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन किया जाएगा।