Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sun, 26 Sep 2021 8:24 am IST


प्रखर राष्ट्रवादी नेता थे दीनदयाल उपाध्याय ...चौहान


हरिद्वार। भाजपा जिला कार्यालय में शनिवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती मनाई गई। पंडित दीनदयाल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस दौरान जिलाध्यक्ष डॉ जयपाल सिंह चैहान ने बताया कि पंडित दीनदयाल की जयंती जिले के सभी बूथों पर मनाई जा रही है। पंडित दीनदयाल के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन काफी कठिन परिस्थितियों में गुजरा। उन्होंने बताया कि 1951 में डा. श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने मुस्लिम तुष्टीकरण की नीतियों के विरोध में केंद्रीय मंत्रिमंडल छोड़ दिया। वे राष्ट्रीय विचारों वाले एक नये राजनीतिक दल का गठन करना चाहते थे। उन्होंने संघ के तत्कालीन सरसंघचालक से संपर्क किया। सरसंघ चालक ने दीनदयाल को उनका सहयोग करने को कहा। इस प्रकार ‘भारतीय जनसंघ की स्थापना हुई। दीनदयाल प्रारंभ में उसके संगठन मंत्री और फिर महामंत्री बनाये गये। वे एक कुशल संगठक, वक्ता, लेखक, पत्रकार और चिन्तक भी थे। जिला उपाध्यक्ष संदीप गोयल ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के दर्शन एकात्म मानववाद के विषय में बोलते हुए कहा कि एकात्म मानववाद एक ऐसी विचारधारा है जिसके केंद्र में व्यक्ति फिर व्यक्ति से जुड़ा परिवार, परिवार से जुड़ा समाज, राष्ट्र, विश्व फिर अनंत बृह्मांड सम्मिलित है। सभी एक दूसरे से जुड़कर अपना अस्तित्व कायम रखते हैं। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष अनिल अरोड़ा, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी सुनील सैनी, जिला कार्यालय प्रभारी लव शर्मा, जिला मंत्री आशु चैधरी, अनुसूचित मोर्चा जिला अध्यक्ष श्री तेलुराम प्रधान, वरिष्ठ कार्यकर्ता आई पी सिंह एवं संजीव त्यागी आदि पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। दूसरी ओर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर भेल और टिहरी विस्थापित कॉलोनी में अनेक बूथों पर कार्यक्रम किए गए। नगर पालिका शिवालिकनगर के अध्यक्ष राजीव शर्मा ने सभी बूथ अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं के साथ दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देते हुए उनके सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सभासद रीना तोमर, मंडल महामंत्री कैलाश भंडारी, हिमांशु अहलावत, गौरव रौतेला , पवन कुमार, अंशुल शर्मा, गौरव गुर्जर, पुरुषोत्तम भारती, सौरभ सक्सेना, अजय अरोड़ा, सुरेश मोहन, अभिनव, नितिन सिंह आदि शामिल रहे।