चंपावत : खेल महाकुंभ के तहत ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख रेखा देवी और विशिष्ट अतिथि ज्येष्ठ प्रमुख मोनिका बोहरा ने किया। उन्होंने आयोजन को ग्रामीण प्रतिभा को उभारने में मददगार बताया। फर्राटा रेस में साक्षी गोस्वामी पहले स्थान पर रहीं। पहले स्थान पर आने वाले प्रतिभागी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। शनिवार को गोरलचौड़ मैदान में ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता का उद्घाटन किया गया। पहले दिन अंडर-17 बालिका वर्ग की एथलेटिक्स, कबड्डी और खो-खो प्रतियोगिता हुई। 200 मीटर रेस में प्रिया चंद विजेता बनी। 400 मीटर में निर्मला जोशी, 800 मीटर में सुनीता जोशी, 1500 मीटर और 3000 मीटर में दिया चौधरी पहले स्थान पर रहीं। लंबी कूद में प्रिया चंद, ऊंची कूद में निर्मला ने पहले स्थान पर कब्जा जमाया। कबड्डी में सिप्टी पहले और खर्ककार्की दूसरे स्थान पर रहा। वालीबॉल में खर्ककार्की पहले व अमोड़ी दूसरे स्थान पर रहा। विजेता खिलाड़ी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी ने सभी का स्वागत किया।